16 जून से गूंजेगी स्कूल की घंटी, शत-प्रतिशत नामांकन पर प्रशासन की नजर 

0 89

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी रिपोर्ट शाहिद खान

 

सीधी, 14 जून 2026। ग्रीष्मावकाश के बाद जिले के सभी शासकीय एवं सांदीपनी विद्यालयों में 16 जून से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। इसके साथ ही 16 से 30 जून तक “स्कूल चले हम अभियान” के द्वितीय चरण के तहत शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा नए विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण स्वागत करना है।

 

कलेक्टर विकास मिश्रा ने निर्देश दिए हैं कि नामांकन, कक्षोन्नति और ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी विद्यालयों में समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण और उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

कलेक्टर ने मिशन अंकुर के तहत बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार, स्वच्छ पेयजल, बालिका शौचालयों की कार्यशीलता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया है। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के स्वागत, बाल सभाओं, विशेष भोज और छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी देने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विद्यालय प्रबंधन समितियों की बैठकों के माध्यम से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment