सिंगरौली पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा प्रहार, 110 प्रकरण दर्ज; 1049 लीटर से अधिक शराब जब्त

0 53

सरई पुलिस ने ईको वाहन से पकड़ी 441 लीटर अवैध शराब, कुल 7.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त

सिंगरौली, 09 जून 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान जिलेभर में आबकारी एक्ट के तहत 110 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 1049.15 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार 473 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन और पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश, चेकिंग और तलाशी अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया गया। प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

थाना सरई की बड़ी कार्रवाई

अभियान के दौरान थाना सरई पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध विशेष कार्रवाई करते हुए मारुति सुजुकी ईको वाहन (क्रमांक MP66ZG7496) से 441 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोखरीटोला इमलीडीह में खड़े एक ईको वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और वाहन की तलाशी ली। जांच में वाहन से 49 कार्टून शराब बरामद हुए, जिनमें 25 कार्टून देशी लाल मसाला तथा 24 कार्टून देशी प्लेन शराब शामिल थी।

पुलिस के अनुसार कुल 2450 पाव शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा 441 लीटर है। जब्त शराब की कीमत लगभग 2.70 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त ईको वाहन भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है।

इस कार्रवाई में कुल 7.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस की आमजन से अपील

सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन की कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि जनता का सहयोग अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सिंगरौली पुलिस सदैव आपके साथ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment