पड़रिया खुर्द में 10 दिनों से ठप पड़ी नल-जल योजना, ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरसे

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा/डिंडौरी। विकासखंड शहपुरा अंतर्गत ग्राम पड़रिया खुर्द में नल-जल योजना पिछले 10 दिनों से बंद पड़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना का संचालन कर रहे समूह तथा जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण गांव में जलापूर्ति पूरी तरह ठप है।
ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना बंद होने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। स्थिति यह है कि गांव के अधिकांश हैंडपंप भी पर्याप्त पानी नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित जिम्मेदारों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पेयजल संकट के चलते महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। वहीं कुछ परिवार नदी का पानी पीने और उपयोग करने को विवश हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से मांग की है कि नल-जल योजना को शीघ्र चालू कराया जाए तथा पेयजल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और गांव में नियमित जलापूर्ति बहाल की जाए।