Breaking News

शाहपुर पुलिस का शराब तस्करों पर शिकंजा, 1.75 लाख की अंग्रेजी शराब व बाइक जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

0 137

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

शहपुरा/डिंडौरी। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 61.2 लीटर अंग्रेजी शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 75 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस अधीक्षक डिंडौरी श्री आशीष खरे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा तथा एसडीओपी शहपुरा श्री अजय तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक केवल सिंह परते द्वारा गठित विशेष टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 2 जून की मध्यरात्रि डिंडौरी से सारसताल की ओर जा रहे संदिग्धों की घेराबंदी की।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कृष्ण कुमार उर्फ छोटा ठाकुर निवासी डिंडौरी, रिंकू उर्फ डॉन उर्फ नरेश कछवाहा निवासी वार्ड क्रमांक 3 शाहपुर तथा दुर्गेश वंशकार निवासी शाहपुर को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से सात पेटियों में भरी 340 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 47 हजार 600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये है।

 

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

 

इनका रहा सराहनीय योगदान

 

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते, उप निरीक्षक रामप्रसाद यादव, प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान, आरक्षक दीपक धुर्वे, रोहित, कमलेश, अंकित मरावी, महिला आरक्षक पल्लवी पाराशर तथा ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने सभी के योगदान की सराहना की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment