ईद-उल-जुहा और आगामी त्योहारों को लेकर सिंगरौली पुलिस अलर्ट, थानों में हुई शांति समिति की बैठकें

सिंगरौली | 27 मई 2026
ईद-उल-जुहा (बकरीद) एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सिंगरौली जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। यह बैठकें पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज़ के.एम. के निर्देशन में संपन्न हुईं।
बैठकों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, शांति समिति सदस्यों एवं समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने भाग लिया। इस दौरान त्योहारों को भाईचारे और आपसी समन्वय के साथ मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से प्रशासन का सहयोग करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक के दौरान आयोजनकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जारी निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, वाहन चेकिंग तथा आवश्यकतानुसार फ्लैग मार्च की कार्रवाई भी की जा रही है।
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
सिंगरौली पुलिस ने जिले में शांति, कानून व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
प्राइड इंडिया न्यूज़ | रिपोर्ट