अजय राय पर कानूनी शिकंजा: पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 30 पर मुकदमा दर्ज

0 154

प्राइड इंडिया न्यूज़ | महोबा (यूपी) | 23 मई 2026 | रिपोर्ट: राम सिंह

उत्तर प्रदेश के महोबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं अधिवक्ता नीरज रावत की शिकायत पर शहर कोतवाली में अजय राय, कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह अहिरवार तथा 25 से 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को महोबा के समदनगर मोहल्ले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह विवाद सामने आया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अजय राय बिना प्रशासनिक अनुमति के समर्थकों और बड़े काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां वाहनों के कारण रास्ता बाधित हुआ और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के शासकीय कार्य प्रभावित हुए।

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया। शिकायतकर्ता ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में पेनड्राइव में पुलिस को सौंपने की बात कही है।

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए BNS की धारा 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई के बाद महोबा सहित प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, मामले में कांग्रेस पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment