रामपुर नैकिन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशीली कफ सिरप के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

सीधी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के तहत थाना रामपुर नैकिन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3,015 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को थाना रामपुर नैकिन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घूंघटा रोड क्षेत्र में कुछ लोग अवैध नशीली कफ सिरप छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घूंघटा रोड पुलिया के पास घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर दो युवक भागने और छिपने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पास की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक पॉलीथीन से 15 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में
🔹 मो. इसराइल पिता मो. शाहिद, निवासी कस्बा रामपुर नैकिन
🔹 मो. एहसान पिता मोहम्मद जुनूम, निवासी कस्बा रामपुर नैकिन, जिला सीधी शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु तिवारी, सउनि. अनंतलाल प्रजापति, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रसन्न मिश्रा एवं नायक शशिशेखर उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।