डीजल-पेट्रोल की बेतहाशा मूल्य वृद्धि ने तोड़ी आम जनता की कमर, महंगाई चरम पर : ज्ञान सिंह

0 179

जनता को पेट्रोल बचाने, सोना न खरीदने और विदेश यात्रा से बचने की नसीहत देने वाली मोदी सरकार खुद ऐशो-आराम और विदेशी दौरों में व्यस्त

 

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि के बाद अब डीजल और पेट्रोल के दामों में भारी बढ़ोतरी कर मोदी सरकार ने आम जनता की कमर तोड़ने का काम किया है। देश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है, ऐसे समय में ईंधन के दाम बढ़ाकर केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्गीय परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है।

ज्ञान सिंह ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने का सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री, सब्जियों, दवाइयों, निर्माण सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ता है। इसका परिणाम यह होता है कि बाजार में हर वस्तु के दाम आसमान छूने लगते हैं और आम आदमी का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ जाता है। आज स्थिति यह है कि एक मध्यम वर्गीय परिवार के पास बचत के नाम पर कुछ नहीं बच रहा है, जबकि दूसरी ओर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के अनुसार देश में महंगाई दर लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। खाद्य सामग्री से लेकर घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक हर चीज महंगी हो चुकी है। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार जनता की परेशानियों को कम करने के बजाय केवल चुनावी प्रबंधन और प्रचार तंत्र में व्यस्त है। भाजपा सरकार को जनता के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं रह गया है।

ज्ञान सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ देश की जनता को डीजल-पेट्रोल बचाने की सलाह दी जा रही है, सोना खरीदने से बचने की अपील की जा रही है और विदेश यात्राएं कम करने का उपदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के मंत्री और नेता दर्जनों गाड़ियों के बड़े-बड़े काफिलों में घूम रहे हैं। जनता को मितव्ययिता का पाठ पढ़ाने वाली सरकार खुद फिजूलखर्ची और दिखावे की राजनीति में डूबी हुई है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खुद पांच देशों की विदेश यात्रा पर रवाना हो जाते हैं, लेकिन आम आदमी को विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। जनता से त्याग की उम्मीद करने वाली सरकार खुद सत्ता के ऐशो-आराम में डूबी हुई है।

ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव के पहले कुछ समय के लिए पेट्रोल-डीजल के दामों में मामूली राहत देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही फिर से महंगाई का हंटर आम जनता पर चला दिया जाता है। यह सरकार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों, करों की लूट और अदूरदर्शी निर्णयों के कारण देश में आर्थिक असंतुलन लगातार बढ़ रहा है। किसान खेती की लागत से परेशान है, युवा बेरोजगारी से त्रस्त है, व्यापारी बाजार की मंदी से चिंतित है और मध्यम वर्ग महंगाई से टूट चुका है। इसके बावजूद भाजपा सरकार झूठे प्रचार और आत्ममुग्धता में डूबी हुई है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक इस जनविरोधी महंगाई के खिलाफ संघर्ष करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस की कीमतों में कटौती करने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment