Breaking News

सीधी में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का आरोप, जांच की मांग तेज

0 9,022


सीधी। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। शिवसेना ने इस संबंध में जिला कलेक्टर के नाम गोपद बनास एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर उसे 19 किलोग्राम और 35 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों में भरा जा रहा है। इसके बाद इन कमर्शियल सिलेंडरों को बाजार में कई गुना अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले घरेलू सिलेंडरों में 2 से 3 किलोग्राम तक गैस कम दी जा रही है, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह कृत्य उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन होने के साथ-साथ एक गंभीर आपराधिक मामला भी है।
ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि इस पूरे प्रकरण में कुछ गैस एजेंसी संचालकों और उनके स्टाफ की संलिप्तता हो सकती है। साथ ही, मामले से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी होने का दावा किया गया है, जो जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
शिवसेना ने जिला प्रशासन से उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, जिला महामंत्री सुनील रावत, आनंद साहू, अंजनी सिंह, शिवपूजन साहू, रामनरेश यादव सहित अन्य शिवसैनिक मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment