जमशेदपुर में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 36 लीटर से ज्यादा शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
पोटका और बागबेड़ा क्षेत्र में छापेमारी, एक आरोपी फरार, दूसरे को भेजा गया न्यायिक हिरासत

जमशेदपुर | 28 अप्रैल 2026 | प्राइड इंडिया न्यूज़ | ब्यूरो चीफ: इंदरजीत सिंह भुल्लर
मदिरा की अवैध बिक्री पर नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देशानुसार जिले में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मंगलवार को पोटका थाना एवं बागबेड़ा थाना क्षेत्र में प्रभावी आसूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
पोटका थाना अंतर्गत ग्राम लोवाडीह में अभियुक्त गणेश पात्रो के घर एवं उसके द्वारा संचालित किराना दुकान पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की करीब 10.260 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि छापेमारी स्थल के पास मार्ग अवरुद्ध होने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया।
वहीं बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाके गाढ़ाबासा रोड में छापेमारी कर अभियुक्त राज कुमार सिंह के घर से करीब 15.960 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 10 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। छापेमारी दल की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्पाद विभाग द्वारा दोनों मामलों में अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।