28 अप्रैल से “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान, सभी थानों में एक साथ जनसंवाद
शाम 4 से 6 बजे तक लगेगी चौपाल, जनता सीधे अधिकारियों को बता सकेगी अपनी समस्याएं

सीधी | 26 अप्रैल 2026
जिला पुलिस सीधी द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान शुरू किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 28 अप्रैल 2026 (मंगलवार) से जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ आयोजित होगा।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत के निर्देशानुसार रीवा जोन के 6 जिलों के 77 थानों एवं 64 पुलिस चौकियों में यह पहल शुरू की जा रही है। जिला स्तर पर डीआईजी श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में सीधी जिले के 12 थानों एवं 7 चौकी क्षेत्रों में जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम 28 अप्रैल को शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी जाएगी।
थाना-वार जन चौपाल स्थान:
कोतवाली– कुचवाही, जमोड़ी– गांधीग्राम, बाहरी– खुटेली, अमिलिया– बिठौली, कमर्जी– अदैपुर, चुरहट– पचोखर, सेमरिया– नौसा, रामपुर नैकिन– तितरा शुक्लान, मझौली– छवारी, मड़वास– चदोहीडोल, भुइमाड़– देवरी, कुसमी– गोतरा।
मुख्य फोकस बिंदु:
अवैध नशे पर कार्रवाई, महिला अपराधों की सुनवाई, साइबर अपराध से बचाव, स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण और अपराध रोकथाम के प्रति जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी समस्याएं साझा करें, ताकि उनका पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
“आपकी सुरक्षा – हमारा संकल्प”