भालू के हमले में एक की मौत, दो गंभीर घायल – संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दहशत

0 453

मृतक परिजनों को 8 लाख की सहायता स्वीकृत, तत्काल ₹20 हजार की राहत दी गई

सीधी, 19 अप्रैल 2026।

संजय टाइगर रिजर्व के मड़वास रेंज अंतर्गत भजिगांव बीट के ग्राम नवनगर में भालू के हमले की हृदयविदारक घटना सामने आई है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवनगर निवासी चंद्रबली सिंह (58 वर्ष), पिता लखपति सिंह की भालू के हमले में मृत्यु हो गई। वहीं शंकर सिंह (50 वर्ष), पिता धरमजीत सिंह एवं रामदास सिंह (35 वर्ष), पिता बृजभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल पोंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए ग्रामीणों को जंगल की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

घटना के बाद वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल ₹20,000 की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही शासन के प्रावधानों के तहत ₹8 लाख की अनुग्रह राशि स्वीकृत कर दी गई है, जिसका भुगतान शीघ्र किया जाएगा। इस दौरान टाइगर रिजर्व के उपसंचालक श्री राजेश कन्ना टी एवं उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment