शाहजहाँपुर में शिक्षामित्र सम्मेलन: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया शुभारंभ।

मानदेय बढ़ोतरी पर जताई खुशी
मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर में गन्ना शोध संस्थान में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में शिक्षामित्र सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। मंत्री ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत गुब्बारे उड़ाकर बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं।
संवाद कार्यक्रम में शिक्षामित्र संघ के जिला संरक्षक डॉ. रत्नाकर दीक्षित ने सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई वृद्धि की सराहना की।
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया है, जो महंगाई को देखते हुए 80% की वृद्धि है। उन्होंने कहा, “शिक्षामित्रों के वेतन वृद्धि से उनके परिवारों में खुशी की लहर है। शिक्षक समाज को आइना दिखाते हैं और बच्चों के सपनों को पूरा करते हैं। देश के विकास की नींव शिक्षकों द्वारा ही रखी जाती है। उनकी मेहनत नापने का कोई पैमाना नहीं।
मंत्री ने कहा कि जब बेसिक शिक्षा की व्यवस्था चौपट थी, तब शिक्षामित्रों ने स्कूलों के बंद ताले खोले और पूरी निष्ठा से कर्तव्य निभाया। समायोजन रद्द होने के बाद भी सरकार ने शिक्षामित्रों के बारे में सोचा। पहले 3500 रुपये मिलते थे, फिर मुख्यमंत्री ने 10,000 किए और अब 18,000 कर दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिया कि बची हुई समस्याओं का भी सरकार जल्द निराकरण करेगी।
महिला शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है। पीएम मोदी संसद में महिलाओं की भागीदारी के लिए बिल लाए, जिसका विपक्ष ने विरोध किया।
कार्यक्रम में प्रत्येक ब्लॉक से एक शिक्षामित्र को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने सभी शिक्षामित्रों से ‘स्कूल चलो अभियान’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और स्कूलों को निपुण बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष केसी मिश्र, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, बीएसए दिव्या गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र व अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।