48 घंटे में हत्या का खुलासा: चितरंगी पुलिस ने 10 हजार के इनामी 5 आरोपी दबोचे

0 2,288

 

हैंडपंप विवाद से शुरू हुआ झगड़ा बना हत्या, SIT और साइबर टीम की सटीक कार्रवाई

खबर:

सिंगरौली। चितरंगी थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर 10 हजार रुपये के इनामी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ग्राम सुकहर का है, जहां हैंडपंप से पानी भरने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था।

पुलिस के अनुसार, फरियादिया सुखमंती बादीगीर (27) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 मार्च 2026 की शाम करीब 5:30 बजे पानी भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों की मारपीट में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों के पांच-पांच लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल रामा बादीगीर (51) को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 7 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंहा और एसडीओपी राहुल सैयाम के मार्गदर्शन में थाना चितरंगी, साइबर टीम और SIT ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान आरोपियों के बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ भागने की सूचना मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 7 अप्रैल को दिग्विजय बादीगीर को गिरफ्तार किया, जबकि शेष चार आरोपियों को 8 अप्रैल को सुकहर गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

अंजीर उर्फ अंजनी बादीगीर (36), रमेश बादीगीर (66), पिन्टू बादीगीर (35), बरेश उर्फ बरस बादीगीर (37) और दिग्विजय बादीगीर (22), सभी निवासी ग्राम सुकहर, थाना चितरंगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment