प्रदेशभर की ग्राम सभाओं में 14 अप्रैल को गूँजेगी महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की आवाज़

सीधी (राकेश शर्मा) मप्र सरकार ने जारी किया 19 बिंदुओं का विस्तृत एजेंडा; पोषण, सुरक्षा और शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस,मध्यप्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग ने आगामी 14 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण और व्यापक कार्ययोजना जारी की है। उप सचिव माधवी नागेंद्र द्वारा हस्ताक्षरित इस एजेंडे का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 0 से 6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं को नियमित नाश्ता, गर्म पका भोजन और ‘टेक होम राशन’ (THR) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। विशेष रूप से प्रदेश के 08 आकांक्षी जिलों में किशोर बालिकाओं के पोषण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

कानूनी जागरूकता-ग्राम सभा में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 (लड़कियों के लिए 18 और लड़कों के लिए 21 वर्ष की आयु), POCSO अधिनियम 2012 और कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम 2013 जैसे गंभीर विषयों पर ग्रामीणों को शिक्षित किया जाएगा।स्वास्थ्य और सुरक्षा- चाइल्ड हेल्पलाइन 108 के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सड़क पर रहने वाले बच्चों (स्ट्रीट चिल्ड्रन) के पुनर्वास और स्पॉन्सरशिप योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं के लिए PMMVY योजना और नियमित स्वास्थ्य जाँच (ANC Checkup) को प्राथमिकता दी गई है।
विशेष अभियान-14 अप्रैल को स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों में माहवारी स्वच्छता (Menstrual Hygiene) से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे और व्यक्तिगत स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी।प्रशासनिक पारदर्शिता-ग्राम स्तर पर जिला दहेज प्रतिषेध अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि पीड़ित महिलाएं सीधे मदद प्राप्त कर सकें।डिजिटल मॉनिटरिंग और शिक्षाविभाग ने ‘पोषण ट्रैकर’ ऐप पर लाभार्थियों के पंजीकरण और आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आधारशिला’ पाठ्यक्रम के तहत शाला पूर्व शिक्षा (ECCE) की गतिविधियों के नियमित संचालन पर भी कड़े निर्देश दिए हैं।यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाएगी, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे बाल विवाह और भेदभाव के खिलाफ एक सशक्त वातावरण तैयार करेगी।