सीधी में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया का भव्य स्वागत, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

📍 पैदल मार्च, माल्यार्पण और कार्यकर्ता बैठक के साथ संगठन मजबूती पर जोर, युवाओं को दिया संघर्ष का संदेश
सीधी, 03 अप्रैल 2026।
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के प्रथम सीधी आगमन पर शुक्रवार को जिले में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष करुण सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जोगीपुर बायपास में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ श्री घनघोरिया का स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।
इसके बाद श्री घनघोरिया अस्पताल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह (दाऊ साहब) की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दाऊ साहब के आदर्श आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इसके पश्चात वे कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। इस दौरान युवाओं ने जोरदार नारेबाजी कर संगठन की एकजुटता और ऊर्जा का प्रदर्शन किया। मार्ग में जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अपने संबोधन में यश घनघोरिया ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा बेरोजगारी, महंगाई और अवसरों की कमी से जूझ रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने युवाओं से संगठन को मजबूत करने और आम जनता की आवाज बनकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि परिवर्तन का माध्यम है। यदि युवा ठान लें, तो राजनीति की दिशा और दशा बदल सकते हैं। उन्होंने गांव-गांव तक संगठन को सक्रिय करने और हर वर्ग के युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष करुण सिंह ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारी संख्या में उपस्थिति संगठन की ताकत को दर्शाती है। वहीं जिला संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह चौहान, प्रदेश सचिव धीरज सिंह, शिवम पाण्डेय, अभिज्ञान शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अनुज साहू, एनएसयूआई अध्यक्ष सौरभ सिंह, विधानसभा अध्यक्ष कृष्ण देव सिंह, अभिषेक सिंह सनी, सूर्या साहू, विकास सिंह परिहार, तेजस्वी मिश्रा सहित कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बना दिया।