शराब तस्करी पर सीधी पुलिस का शिकंजा: 54 लीटर मदिरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

0 290

सीधी | 02 अप्रैल 2026अवैध

जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कमर्जी पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध शराब की खेप पकड़ते हुए दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 54 लीटर देसी मदिरा और एक बाइक समेत कुल ₹94,000 का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के मार्गदर्शन में संचालित सघन चेकिंग अभियान के दौरान 31 मार्च को थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इन्द्राज सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि चुरहट की ओर से बिना नंबर की बाइक पर अवैध शराब पटपरा ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चुरहट-अमिलिया मार्ग पर ग्राम पटपरा के पास तालाब के समीप रणनीतिक घेराबंदी की।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक आती दिखी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवम पटेल (19) एवं राजू उर्फ अमरीश पटेल (42), दोनों निवासी ग्राम धुम्मा के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से 06 कार्टून देसी प्लेन मदिरा (कुल 300 पाव, 54 लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग ₹24,000 आंकी गई है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक (कीमत लगभग ₹70,000) भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

➡️ सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उ.नि. इन्द्राज सिंह, स.उ.नि. मनोज वर्मा, प्र.आर. अमर सिंह परिहार, आरक्षक अनिल सिंह एवं रमेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment