सीधी में आज युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया का प्रथम आगमन, भव्य स्वागत की तैयारी

करुण सिंह के नेतृत्व में जोगीपुर बायपास पर होगा स्वागत, कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर
सीधी। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया के आज 3 अप्रैल को सीधी जिले में प्रथम आगमन को लेकर युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत के लिए जिलेभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री घनघोरिया का जोगीपुर बायपास पर दोपहर 3 बजे भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे अस्पताल चौक पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह (दाऊ साहब) की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
कार्यक्रम के क्रम में वे कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे, जहां शाम 4 बजे युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा युवा कांग्रेस की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष करुण सिंह ने सभी जिला, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।