सीधी में विद्यारंभ कार्यक्रम: 21,579 नन्हें बच्चों को मिला प्रमाण पत्र, आंगनवाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल

सीधी, 24 मार्च 2026
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग प्रवेश मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर के आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्यारंभ कार्यक्रम के तहत प्रमाण पत्र वितरण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। वार्ड क्रमांक 03 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जहां 5-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को ‘विद्यारंभ प्रमाण पत्र’ एवं अपार आईडी के साथ सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस आयोजन का उद्देश्य प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण कर चुके बच्चों को विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करना और उनके शैक्षणिक जीवन की औपचारिक शुरुआत को उत्सव के रूप में मनाना रहा।
जिले के 1917 आंगनवाड़ी केंद्रों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 1450 जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर ‘ग्रेजुएशन सेरेमनी’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को सम्मानपूर्वक प्रमाण पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उल्लेखनीय है कि 24 मार्च 2026 को आयोजित इस अभियान के तहत जिलेभर में कुल 21,579 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
यह पहल न केवल बच्चों के लिए प्रेरणादायक रही, बल्कि अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हुई।