अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई

0 9,067


तीन वाहनों से रेत जब्त, चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
सीधी, 14 मार्च 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों से रेत जब्त की है। संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन और कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई। प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव और देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने बहरी, सिहावल और चुरहट तहसील क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान रात्रि लगभग 12 बजे ग्राम मयापुर, तहसील बहरी में संभावित अवैध रेत भंडारण स्थल के पास बिना नंबर के एक हाइवा (चेसिस क्रमांक MAT56700593A01484) को रोका गया। वाहन चालक राघवेश दीक्षित पिता लखेश्वरी दीक्षित निवासी वार्ड क्रमांक 3, डढ़िया मौहार, जिला सीधी से रेत से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन सहित रेत जब्त कर बहरी थाना प्रभारी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इसी तरह ग्राम कोल्हूडीह, तहसील चुरहट में बिना नंबर के टाटा 1216 (चेसिस क्रमांक MAT767317R7K1735) को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन चालक भोला प्रसाद यादव पिता फदाली यादव निवासी मुर्दाडीह ने मौके पर ही रेत पलटकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
वहीं उसी क्षेत्र में बिना नंबर के टाटा 407 (चेसिस क्रमांक MAT505351HB007474) को भी अवैध रेत परिवहन करते पाया गया। वाहन चालक संजू यादव पिता गुड्डू यादव निवासी ग्राम कोल्हूडीह के कब्जे से वाहन सहित रेत जब्त कर कमर्जी थाना प्रभारी की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है।
खनिज विभाग के अनुसार संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिना नंबर वाहनों का उपयोग कर खनिज परिवहन किए जाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment