कक्षा 5वीं एवं 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के समय पर मूल्यांकन के निर्देश

डिंडौरी : 11 मार्च, 2026
रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडौरी-कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में कक्षा पाँचवीं एवं आठवीं की वार्षिक परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय पर मूल्यांकन केंद्र पहुँचकर जिम्मेदारी के साथ समय-सीमा में मूल्यांकन कार्य पूर्ण करें।
जिला शिक्षा केंद्र, सर्व शिक्षा अभियान डिंडौरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जन शिक्षा केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाएँ एकत्रित कर विकासखंड स्तर पर मूल्यांकन के लिए दूसरे विकासखंडों में भेजी गई हैं, ताकि निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से मूल्यांकन कार्य किया जा सके। साथ ही यह भी कहा गया है कि जो शिक्षक बिना कारण अनुपस्थित पाए जाएंगे, उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती श्वेता अग्रवाल द्वारा जिला स्तरीय मूल्यांकन केंद्र डाइट डिंडौरी का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मूल्यांकनकर्ता उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के बाद उसी दिन अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करें तथा मुख्य मूल्यांकनकर्ता द्वारा उसकी जांच की जाए।
जिला शिक्षा केंद्र ने सभी संबंधित शिक्षकों से मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की अपील की है, ताकि परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।