जनसुनवाई में एसपी संतोष कोरी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, लंबित मामलों पर सख्त निर्देश

0 5,317

सीधी। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सीधी पुलिस की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान एसपी ने फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, आर्थिक धोखाधड़ी और पारिवारिक विवाद से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को समय-सीमा के भीतर निष्पादन के स्पष्ट निर्देश दिए।

इस अवसर पर पिछले कुछ सप्ताहों में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिन मामलों में कार्रवाई धीमी पाई गई, उन पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) और थाना प्रभारियों को जोड़ा गया। इसके जरिए शिकायतों का ऑनलाइन सत्यापन कर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया को तेज किया गया।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव सहित एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रीता त्रिपाठी, कुसमी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी, जमोड़ी थाना से उपनिरीक्षक वर्षा यादव तथा सिहावल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता और पुलिस के बीच भरोसे का सेतु है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान थाने स्तर पर ही किया जाए, ताकि आम लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment