Breaking News

मझौली पुलिस की तत्परता से दो लापता नाबालिग सुरक्षित मिले, परिजनों को सौंपे

0 283

 

खेत में डांट पड़ने के डर से मामा के घर चले गए थे बच्चे, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया दस्तयाब

सीधी | 06 मार्च 2026

जिला सीधी के मझौली थाना क्षेत्र में लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता से परिवार वालों ने राहत की सांस ली और सीधी पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट/कुसमी श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मझौली उप निरीक्षक विशाल शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मझौली क्षेत्र की दो महिलाओं ने थाने में सूचना दी कि उनके नाबालिग पुत्र सुबह करीब 9 बजे घर के पास खेलते समय पास के खेत में चले गए थे। खेत में चना की फसल उखाड़ने की बात पर बड़े-बुजुर्गों द्वारा डांट दिए जाने से दोनों बच्चे डर गए और वहां से कहीं चले गए।

परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने और रिश्तेदारों के यहां पता लगाने के बाद भी जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तब मामले की सूचना थाना मझौली में दी गई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।

थाना प्रभारी मझौली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश की और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। इसी दौरान पता चला कि दोनों बच्चे डर के कारण अपने मामा के घर चले गए थे।

मझौली पुलिस ने तत्काल वहां पहुंचकर दोनों नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किया और आवश्यक काउंसलिंग के बाद उन्हें सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विशाल शर्मा एवं उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से बच्चों की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment