मझौली में हाई टेंशन टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से बची जान – बाद में भेजा गया जेल

जमीनी विवाद से परेशान युवक ने दी आत्महत्या की धमकी, पुलिस ने बिजली लाइन बंद कराकर सुरक्षित उतारा
सीधी | मझौली | रिपोर्ट
मझौली थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का मामला सामने आया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। बाद में शांति भंग करने के मामले में युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चमराडोल निवासी नरेन्द्र कुमार सेन (33 वर्ष), पिता मोतीलाल सेन का अपने परिवार के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वह परिजनों को डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र में लगे हाई टेंशन (HT) लाइन के ऊंचे टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। टावर में अत्यधिक विद्युत प्रवाह होने के कारण उसकी जान को गंभीर खतरा था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मझौली उपनिरीक्षक विशाल शर्मा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन बंद करवाई और काफी समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया।
युवक के इस कृत्य से लोक शांति भंग होने और अपनी जान जोखिम में डालने के कारण मझौली पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया।
सीधी पुलिस ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर ही किया जाना चाहिए। आवेश में आकर इस तरह खतरनाक स्थानों पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में डालना और कानून व्यवस्था को चुनौती देना दंडनीय अपराध है।