फाग की गूंज और रंगों की बौछार के बीच पड़रिया खुर्द में उल्लासपूर्ण होली उत्सव

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी जिले के पड़रिया खुर्द गांव में ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में फाग गाते हुए होली का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। गुरुवार दोपहर लगभग 3:00 बजे गांव के महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से फाग गीतों की मधुर धुन पर रंग-गुलाल उड़ाते हुए उत्सव का आनंद लिया।
ग्रामीणों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। पूरे गांव में ढोलक और मंजीरे की थाप पर फाग गीतों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे माहौल पूरी तरह से रंगमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में होली का पर्व विशेष रूप से पांच दिनों तक मनाया जाता है। इन दिनों प्रतिदिन फाग गायन के साथ रंग-गुलाल खेला जाता है और पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया जाता है। होली के इस आयोजन ने गांव में आपसी एकता और सामाजिक समरसता को और भी मजबूत किया।