रंगों के बीच दर्दनाक हादसा: सिहावल की नहर में डूबा 16 वर्षीय अंकित, देर शाम तक चलता रहा रेस्क्यू अभियान

प्राइड इंडिया न्यूज़ हर सच जो आप जानना चाहें
सीधी जिला के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत बिठौली स्थित नहर में होली के दिन एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। तितली गांव निवासी 16 वर्षीय अंकित पटेल, पिता रामसुंदर पटेल, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे नहर में डूब गया। रंगों और खुशियों के बीच घटी इस दुर्घटना ने पर्व का उत्साह पल भर में मातम में बदल दिया। खबर फैलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में गमगीन माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार अंकित अपने ननिहाल आया हुआ था और होली के अवसर पर दो साथियों के साथ नहर की ओर गया था। बताया जाता है कि नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। नहर का जलस्तर अधिक होने और बहाव तेज रहने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका। साथ मौजूद किशोरों ने तत्काल शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। बचाव कार्य के लिए State Disaster Response Force (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया, जिसने देर शाम तक नहर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि नहर में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं, फिर भी टीम लगातार प्रयासरत है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजन बेसब्री से तलाश के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)