बहराइच में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता समेत चार की हत्या
जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुआ विवाद, आरोपी ने खुद को भी किया घायल; लखनऊ रेफर

प्राईड इंडिया न्यूज़, बहराइच | रिपोर्टर: सुभाष कुमार विश्वकर्मा (ब्यूरो चीफ)
बहराइच जिले के थाना रूपईडीहा क्षेत्र के बसन्तपुर रूदल (रामगांव) में जमीन के पैसों को लेकर हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। आरोपी बेटे ने आवेश में आकर अपने ही माता-पिता समेत चार लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च 2026 को गुरूदेव पुत्र बदलू वर्मा ने थाना रूपईडीहा में लिखित तहरीर दी कि 01/02 मार्च की रात करीब 12 बजे शोर सुनकर बाहर आने पर उसने देखा कि उसका छोटा भाई निरंकार पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों के पैसों को लेकर विवाद कर रहा था। इसी दौरान उसने कुल्हाड़ी से हमला कर पिता बदलू राम (60 वर्ष), माता संजू देवी (56 वर्ष), बहन पार्वती (42 वर्ष) और दादी सिताला (80 वर्ष) की हत्या कर दी।
आरोपी ने गुरूदेव पर भी जानलेवा हमला किया। घटना के समय गुरूदेव का पुत्र आजाद भी मौके पर मौजूद था। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान निरंकार ने अपने सिर पर ईंट मारकर खुद को भी घायल कर लिया।
पुलिस ने वादी की तहरीर पर मु0अ0सं0 41/2026, धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल बहराइच से लखनऊ रेफर किया गया है। वादी का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में चल रहा है।
घटना स्थल का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक बहराइच, अन्य अधिकारियों व फॉरेंसिक टीम ने किया। चारों शवों का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जमीन बिक्री के पैसों को लेकर उत्पन्न विवाद और आक्रोश के चलते आरोपी ने यह वारदात अंजाम दी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।