Breaking News

रीती पाठक ने विधानसभा में उठाए सीधी क्षेत्र की अधोसंरचना से जुड़े अहम मुद्दे

0 9,068


सीधी। सीधी विधानसभा क्षेत्र की विधायक रीती पाठक ने मध्यप्रदेश विधानसभा में लोक निर्माण विभाग से संबंधित क्षेत्र की महत्वपूर्ण अधोसंरचना योजनाओं को लेकर प्रश्न उठाया। उन्होंने क्षेत्र में नवीन सड़कों की स्वीकृति, विभागीय कार्यालय भवन निर्माण, गोपाल दास बांध के सौंदर्यीकरण, उत्तरी बाईपास (रिंग रोड) निर्माण, सूखा नदी किनारे प्रस्तावित सड़क तथा नवीन रेस्ट हाउस निर्माण जैसे विषयों पर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी।
विधानसभा में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार 15 दिसम्बर 2023 से अब तक सीधी विधानसभा क्षेत्र में 3 नवीन सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण के लिए 1706.83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधायक श्रीमती रीती पाठक ने सीधी जिले में लोक निर्माण विभाग के स्थायी कार्यालय भवन के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही गोपाल दास बांध क्षेत्र में फेंसिंग, वॉकिंग ट्रैक, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग एवं वृक्षारोपण कार्य कर उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी उठाई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने मुख्यालय के समीप प्रस्तावित उत्तरी बाईपास (रिंग रोड), सीधी–पटपरा–कमर्जी मार्ग, सूखा नदी किनारे पड़रा शिव मंदिर से नौढ़िया फायरिंग रेंज तक प्रस्तावित सड़क निर्माण तथा सीधी मुख्यालय में नवीन रेस्ट हाउस की प्रशासकीय स्वीकृति जैसे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा।
श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास, यातायात सुगमता और पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए इन योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन आवश्यक है। विधानसभा में उठाए गए इन प्रश्नों से सीधी जिले के विकास संबंधी विषयों को मजबूती के साथ सदन के पटल पर रखा गया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment