लीला इंटरनेशनल स्कूल मड़वास के छात्र अर्पित गुप्ता ने बढ़ाया रीवा संभाग का मान

2.5 लाख छात्रों में ऑल इंडिया रैंक 947, सैनिक स्कूल में चयन
मड़वास।
मड़वास क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि लीला इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मड़वास के छात्र अर्पित गुप्ता (कक्षा 5) ने प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 947 हासिल कर विद्यालय एवं रीवा संभाग का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में देशभर से लगभग 2.5 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
अर्पित गुप्ता, मड़वास निवासी अरविंद गुप्ता के सुपुत्र हैं, जो ग्राम पंचायत में रोजगार सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता एक प्राइवेट क्लिनिकल नर्स हैं। अर्पित की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, अर्पित की सफलता के पीछे विद्यालय की सुनियोजित शैक्षणिक तैयारी, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन प्रमुख रहा।
विद्यालय के चेयरमैन रमाशंकर द्विवेदी (पूर्व नवोदय विद्यालय, गुना शिक्षक) ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि सही दिशा, कड़ी मेहनत और लक्ष्य आधारित तैयारी से हर सपना साकार किया जा सकता है।
डायरेक्टर पीयूष दर्शन सर (नवोदय स्कूल में 5 वर्ष शैक्षणिक सेवा), परीक्षा प्रभारी विक्रम सिंह बैस सर, वरिष्ठ गुरु नरेंद्र तिवारी सर, शुभम यादव सर, विनोद मिश्रा सर, रामलाल सर तथा मैनेजर आर.पी. गुप्ता सर ने छात्र को शुभकामनाएं देते हुए इसे विद्यालय परिवार की सामूहिक सफलता बताया।
गौरतलब है कि लीला इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मड़वास निरंतर उत्कृष्ट परिणाम देकर क्षेत्र में शिक्षा की नई मिसाल कायम कर रहा है। अर्पित की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।