सीधी जिले के सिहावल में गरजे पूर्व विधायक कमलेश्वर पटेल: प्रशासन को चेतावनी, मुआवजा और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला

सीधी जिले के सिहावल में आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक कमलेश्वर पटेल ने जिला प्रशासन और सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन से प्रभावित लोगों को अब तक लंबित मुआवजा राशि तत्काल उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि “ढाई साल बीत चुके हैं, अब और इंतजार नहीं होगा।”
मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन तेज होगा,
पूर्व विधायक ने कहा कि रेल परियोजना से प्रभावित कई परिवारों का मुआवजा अभी तक बाकी है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने एसडीएम सिहावल को चेताते हुए कहा कि लंबित भुगतान तुरंत कराया जाए, अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल,
कार्यक्रम में कमलेश्वर पटेल ने गांव-गांव में बिगड़ती कानून व्यवस्था को चिंता का विषय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि लाइसेंस प्राप्त दुकानों के बजाय अवैध रूप से नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है और परिवार परेशान हो रहे हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री सुनिश्चित की जाए और अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस पर वसूली के आरोप,
पूर्व विधायक ने थानों में रिपोर्ट लिखाने के नाम पर पैसे मांगने की शिकायतों को “शर्मनाक” बताते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे के दम पर अपराधी बच निकलने की धारणा समाज में बन रही है, जो बेहद खतरनाक संकेत है।
किसान और गरीब के मुद्दे उठाए,
कमलेश्वर पटेल ने किसानों से जबरन वसूली, बिना कारण कार्रवाई और गरीबों के साथ अन्याय के मामलों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि अगर किसी किसान या गरीब के साथ अन्याय हुआ है, तो उसकी भरपाई होना चाहिए।
पेयजल समस्या पर विभाग घिरा,
गर्मी के मौसम में लगातार खराब हो रहे हैंडपंपों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने संबंधित विभाग को “शून्य” बताया और कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
प्रशासन को खुली चेतावनी,
पूर्व विधायक ने साफ संदेश दिया कि कानून व्यवस्था जनता की सुरक्षा के लिए है, उत्पीड़न के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी से काम किया जाए, न्याय दिया जाए — अन्याय हुआ तो आवाज भी उठेगी और संघर्ष भी होगा।
प्रदर्शन स्थल पर पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि भले ही वह वर्तमान में विधायक नहीं हैं, लेकिन कमजोर नहीं हुए हैं और जनता के मुद्दों पर लड़ाई जारी रहेगी।