सिहावल में सरकार के खिलाफ जनसैलाब: पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के नेतृत्व में फूटा जनता का गुस्सा

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
कमलेश्वर पटेल की अगुआई में सिहावल विधानसभा क्षेत्र में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ विशाल धरना प्रदर्शन जारी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सिहावल विधानसभा में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर सिहावल विधानसभा की जनता ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए आंदोलन को अपना समर्थन दिया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने यह संकेत दिया कि क्षेत्र में जनसमस्याएं विकराल रूप ले चुकी हैं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि जनहित के मुद्दों पर उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)