स्कूली बच्चों की जान जोखिम में: थाने के पास ही ओवरलोड ‘तूफान’ में लटककर सफर करने को मजबूर मासूम

डिंडौरी/शाहपुर। शाहपुर से सूरजपुरा, बरबसपुर, मिघरोड़ी और पाखा टोला मार्ग पर संचालित एक ‘तूफान’ वाहन इन दिनों स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिदिन शाम करीब 4:30 बजे, जब स्कूलों की छुट्टी होती है, तब यह वाहन क्षमता से अधिक बच्चों को भरकर ले जाता है। कई बच्चे वाहन के दरवाजों और पीछे की ओर लटककर सफर करते नजर आते हैं।
चिंताजनक पहलू यह है कि यह पूरा घटनाक्रम थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर होता है, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग सब कुछ देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में न तो पर्याप्त बैठने की व्यवस्था होती है और न ही सुरक्षा के मानकों का पालन किया जाता है। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने प्रशासन एवं परिवहन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल समय में विशेष निगरानी अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
यदि समय रहते इस लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो यह स्थिति किसी भी दिन किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।