भंवरखंडी में महिला की आत्महत्या के बाद पति गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवरखंडी गांव में एक महिला की आत्महत्या के मामले में शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को महिला ने अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए और परिजनों सहित संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।
थाना प्रभारी शाहपुर ने बताया कि आरोपी पति चेतन सिंह पिता कंवल सिंह उइके पर पत्नी के चरित्र पर संदेह कर उसके साथ मारपीट करने के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में महिला द्वारा पूर्व में थाना शाहपुर में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। जांच में तथ्यों की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मंगलवार दोपहर लगभग 3:00 बजे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।