कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पशु तस्करी करते 1 आरोपी गिरफ्तार, 23 भैंस पाड़ा और ट्रक जब्त

0 275

जिला ब्यूरो: मनोज कुमार यादव

डिंडोरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 23 नग भैंस पाड़ा एवं एक ट्रक जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लाल रंग की डाला-बाड़ी वाहन में भैंस पाड़ों को भरकर अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्राम इमलई पहाड़ी पहुंची, जहां MP 20 XB 5439 नंबर का वाहन खड़ा मिला।

पुलिस को देख वाहन के पास खड़े कुछ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसने अपना नाम सहबाज कुरैशी (26 वर्ष) पिता मोहम्मद रईस कुरैशी, निवासी शास्त्री वार्ड, शेल्टर हाउस रोड टक्कर, जिला जबलपुर बताया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के नाम रिजवान खान एवं खलासी राजा बताए।

पुलिस द्वारा पशुओं के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 23 नग भैंस पाड़ा और वाहन को जब्त कर थाना कोतवाली लाया। वैधानिक कार्रवाई के बाद पशुओं को कांजी हाउस डिंडोरी भेजा गया तथा पशु चिकित्सक को मेडिकल परीक्षण हेतु प्रतिवेदन प्रेषित किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश कृषि पशु संरक्षण अधिनियम 1959 की धारा 4, 6(क) एवं पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, उपनिरीक्षक भिपेंद्र पाठक, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, विकास पटेल, आरक्षक निलेश साहू, प्रवेश पटेल, अवनीश यादव, हेमंत झरिया, कैलाश द्विवेदी की मुख्य भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment