शाहपुरा पशु चिकित्सालय में डॉक्टर की अनुपस्थिति पर उठे सवाल, नागरिकों ने की कार्रवाई की मांग

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट ,
डिंडोरी। शाहपुरा स्थित पशु चिकित्सालय में पदस्थ वेटरिनरी असिस्टेंट सर्जन डॉ. नवल सिंह कुलस्ते की लगातार अनुपस्थिति को लेकर नगरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पशु चिकित्सा विभाग, डिंडोरी के अंतर्गत संचालित इस अस्पताल में डॉक्टर के समय पर उपस्थित न रहने से पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को दोपहर 2:58 बजे डॉ. कुलस्ते अस्पताल में अनुपस्थित पाए गए। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वे अक्सर ड्यूटी समय में अस्पताल में मौजूद नहीं रहते, जिससे इलाज के लिए आने वाले पशुपालकों को निराश लौटना पड़ता है।
इस संबंध में अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनुराधा पटेल (VEO) से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि डॉ. कुलस्ते सुबह ड्यूटी पर आए थे, लेकिन वर्तमान में कार्यालय में उपस्थित नहीं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अवकाश पर नहीं हैं और यदि छुट्टी लेते हैं तो इसकी सूचना उन्हें नहीं बल्कि डिप्टी अधिकारी को दी जाती है।
बताया जा रहा है कि फोन पर संपर्क करने पर डॉ. कुलस्ते ने स्वयं को एक रिश्तेदार के यहां “दशगात्र” कार्यक्रम में शामिल होना बताया। वहीं अस्पताल के अन्य स्टाफ ने भी पुष्टि की कि डॉक्टर सुबह आए थे, लेकिन उसके बाद उनकी अनुपस्थिति के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।
मामले को लेकर जब डिप्टी डायरेक्टर, डिंडोरी से दूरभाष पर चर्चा की गई तो आरोप है कि उन्होंने डॉक्टर का पक्ष लेते हुए शिकायतकर्ताओं से अभद्र भाषा में बात की और “जिससे कहना हो कह दो” जैसी टिप्पणी की। इस कथित व्यवहार से नागरिकों में और अधिक आक्रोश व्याप्त है।
नगरवासियों का कहना है कि एक जिम्मेदार अधिकारी द्वारा अपने अधीनस्थ की अनुपस्थिति पर स्पष्ट जवाब देने के बजाय पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाना गंभीर विषय है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि डॉ. नवल सिंह कुलस्ते के ड्यूटी रिकॉर्ड की जांच कर कदाचार का मामला दर्ज किया जाए और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है।