16 से 27 फरवरी तक चलाया जायेगा विशेष एमआर टीकाकरण अभियान

0 177

PLACE – Mahoba

RIPOTER – Ram Singh

DATE – 14.02.2026

जनपद महोबा में बच्चों को खसरा एवं रूबेला जैसी गंभीर, संक्रामक एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिनांक 16 फरवरी से 27 फरवरी तक विशेष एमआर टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के 804 सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा मदरसों में अध्ययनरत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के कुल 53030 बच्चों को एमआरवैक्सीन की एक अतिरिक्त (सिंगल) डोज निःशुल्क लगाई जाएगी। उक्त जानकारी एक प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी आशाराम के द्वारा दी गई।

 

उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं भारत सरकार द्वारा प्रमाणित है तथा बच्चों को खसरा एवं रूबेला से होने वाली गंभीर जटिलताओं, कुपोषण, निमोनिया, अंधता एवं जन्मजात विकलांगता जैसी समस्याओं से बचाती है। अभियान की सफलता हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा विद्यालय वार, माइक्रोप्लान, प्रशिक्षित टीकाकरण टीमों की तैनाती, कोल्ड-चेन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। प्रत्येक सत्र स्थल पर स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में सुरक्षित वातावरण में टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि खसरा एवं रूबेला से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। हमारा लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। सभी अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंधन बच्चों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करें। इस हेतु समस्त अभिभावकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, मदरसा प्रबंधकों एवं जनसामान्य से अपील की गई कि निर्धारित तिथि पर बच्चों को विद्यालय भेजें और टीकाकरण टीम का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सुरक्षित बचपन – स्वस्थ भविष्य, के लक्ष्य के साथ आइए, हम सब मिलकर महोबा को खसरा-रूबेला मुक्त बनाएं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment