एनएच-39 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से नीलगाय की मौत, वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

सीधी (मध्यप्रदेश)।
जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर शनिवार को एक दुर्लभ वन्यजीव नीलगाय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बीच सड़क पर नीलगाय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर नीलगाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि, इस हादसे ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की नियमित निगरानी नहीं की जाती, जिसके चलते वे पानी और चारे की तलाश में आबादी और मुख्य सड़कों की ओर भटक जाते हैं। समय रहते सुरक्षा और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस जिले में सामान्यतः नीलगाय नहीं पाई जाती, वहां यह दुर्लभ वन्यजीव आखिर पहुंचा कैसे। क्या यह किसी वन क्षेत्र से भटककर आया या इसके पीछे कोई अन्य कारण है—इसकी गहन जांच आवश्यक है।
फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है, लेकिन इस घटना ने जिले की वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।