निर्माण में अनियमितता पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विधायक की गाड़ी रोककर किया विरोध, विधायक बोले – गुस्सा जायज, जवाबदारी मेरी है

0 178

डिंडोरी | जिला ब्यूरो – मनोज कुमार यादव,

जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत परसेल के पोषक ग्राम पिंडरूखी में सीसी सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार शाम उस वक्त खुलकर सामने आ गया, जब ग्रामीणों ने शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की गाड़ी रोककर जमकर विरोध किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी गड़बड़ी की गई है, जिससे हालत यह हो गई है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा है। नाराज ग्रामीण युवाओं ने सड़क पर पत्थर रखकर विधायक का रास्ता रोक दिया और सरपंच-सचिव पर निर्माण में धांधली के गंभीर आरोप लगाए।

बताया गया कि विधायक ओमप्रकाश धुर्वे शाम करीब 7 बजे ग्राम पंचायत परसेल के पोषक ग्राम पिंडरूखी में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन गांव के पास पहुंचा, ग्रामीणों ने उसे रोक लिया और सड़क निर्माण की बदहाली को दिखाते हुए खरी-खोटी सुनाई।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर की जनसुनवाई और जिला पंचायत सीईओ को भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती चली गई। विरोध के चलते विधायक बिना कार्यक्रम में शामिल हुए ही वापस लौट गए।

इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा,

“ग्रामीणों ने ही मुझे चुनकर विधायक बनाया है, इसलिए उनकी नाराजगी जायज है। जवाबदारी मेरी है। जब अधिकारी नहीं सुन रहे हैं, तो लोग मुझे ही रोककर अपनी बात रखेंगे। मैंने अधिकारियों को सीसी सड़क निर्माण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment