अस्थाई पानी टंकी में मिली अज्ञात महिला की लाश, सिद्ध टेकरी में मचा हड़कंप

0 274

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

निर्माणाधीन बाल हनुमान मंदिर के पुजारी ने दी पुलिस को सूचना, मर्ग कायम कर जांच में जुटी शाहपुर पुलिस

 

डिंडोरी।

जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे के किनारे स्थित जोगी टिकरिया गांव की सिद्ध टेकरी में उस समय सनसनी फैल गई, जब निर्माणाधीन बाल हनुमान मंदिर की अस्थाई पानी टंकी में एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

सुबह पानी लेने पहुंचे पुजारी की नजर पड़ी शव पर

मंदिर के पुजारी पवन दास त्यागी ने बताया कि जन सहयोग से बाल हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के लिए पानी की व्यवस्था हेतु अस्थाई पानी टंकी बनवाई गई थी। बीते तीन-चार दिनों से निर्माण कार्य बंद था। रविवार सुबह करीब छह बजे जब वे पानी लेने टंकी के पास पहुंचे, तब उन्होंने टंकी में महिला का शव देखा।

घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को दी और ओमकार नाथ के साथ शाहपुर थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने किया पंचनामा, शव की पहचान के प्रयास

सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया। सब इंस्पेक्टर निरंजन सिंह ने बताया कि मृत महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और मौत के कारणों की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment