PHQ भोपाल का एकीकृत जागरूकता अभियान सीधी में प्रभावी, छात्र-छात्राओं को सिखाए सुरक्षा और कानून के गुर

0 217


सीधी | 27 जनवरी 2026
मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ), भोपाल द्वारा प्रदेशभर में संचालित महत्वाकांक्षी ‘एकीकृत जागरूकता अभियान’ के तहत आज सीधी जिले में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली द्वारा संदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या विद्यालय में छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों, आत्मरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने PHQ द्वारा चलाए जा रहे तीन प्रमुख उप-अभियानों की जानकारी दी—
‘सृजन’ अभियान के तहत किशोर बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और उन्हें कानूनी रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
‘अभिमन्यु’ अभियान के माध्यम से किशोर बालकों में नैतिक मूल्यों का विकास और अपराधों से दूर रहने की सीख दी गई।
वहीं ‘सम्मान’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय एवं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रीता त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और मादक पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराया। “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेश देते हुए युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के व्यावहारिक सुझाव साझा किए गए।
संदीपनी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती आरती पांडे एवं विद्यालय स्टाफ ने PHQ के इस एकीकृत जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे छात्र-छात्राओं के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में विद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment