उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के साथ सीधी जिले में मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

0 283

मुख्य समारोह में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
सीधी | 26 जनवरी 2026
प्रदेश के साथ-साथ सीधी जिले में भी 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ और पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर श्री सोमवंशी ने पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद विकास एवं समृद्धि के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया। कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया। परेड टुकड़ियों ने तीन बार हर्ष फायर कर राष्ट्र को सलामी दी।
अनुशासित मार्चपास्ट बना आकर्षण
उप निरीक्षक श्री तरुण कुमार बेडिया (रक्षित केंद्र सीधी) के नेतृत्व में आयोजित मार्चपास्ट अत्यंत प्रभावशाली रहा। परेड के उप कमांडर प्लाटून कमांडर श्री मयंक तिवारी (होमगार्ड लाइन सीधी) रहे। 9वीं वाहिनी विसबल, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, महिला प्लाटून, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर टुकड़ियों तथा विद्यालयीन छात्र टुकड़ियों ने अनुशासित प्रदर्शन कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिजनों का सम्मान
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह क्षण उपस्थित जनसमूह के लिए भावुक और प्रेरणादायक रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
जिले के विभिन्न विद्यालयों के 720 विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक पीटी ड्रिल एवं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। गांधी हाई स्कूल के बैण्ड दल की मनमोहक धुनों ने समारोह को और भी भव्य बना दिया।
झांकियों में दिखी विकास और जनकल्याण की झलक
कृषि, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रभावशाली झलक देखने को मिली।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कार
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकी प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में विधायक श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह परिहार, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment