गोपद नदी में अवैध रेत उत्खनन पर बहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रेत माफिया पर शिकंजा: 407 वाहन जप्त, चालक पुलिस हिरासत में मजदूर फरार

सीधी | 23 जनवरी 2026
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बहरी पुलिस ने गोपद नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए एक 407 वाहन जप्त कर आरोपी चालक को हिरासत में लिया है।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित दबिश
थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली कि गोपद नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन की तैयारी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल नदी किनारे बालू घाट पर दबिश दी, जहां एक पीले-सफेद रंग का 407 वाहन खड़ा मिला, जिसमें मजदूर फावड़ा व तगाड़ी से रेत लोड कर रहे थे।
अंधेरे का फायदा उठाकर मजदूर फरार
पुलिस को आता देख मौके पर मौजूद मजदूर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम आकाश शुक्ला, पिता श्यामाचरण शुक्ला, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम जनकपुर कुचवाही बताया। वाहन की जांच में ट्रॉली में 20 से 25 तगाड़ी अवैध रेत लोड पाई गई।
वाहन व औजार जप्त, मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से अवैध उत्खनन में प्रयुक्त फावड़ा व तगाड़ी सहित 407 वाहन को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। आरोपी चालक के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय, प्रधान आरक्षक रामसुन्दर साकेत, आरक्षक राजकमल, प्रभात एवं नन्दलाल यादव की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।