अतरिया पंचायत में पंचायत भवन निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप, बिना ग्रामसभा की सहमति 49 हजार की निकासी

0 286

 

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

डिंडोरी जिले के तहसील डिंडोरी अंतर्गत विकासखंड समनापुर की ग्राम पंचायत अतरिया (पोस्ट चांदरानी) में पंचायत भवन निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव पर ग्रामीणों ने अवैध रूप से राशि निकालने और निर्माण कार्य में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए हैं।

 

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन निर्माण के नाम पर 49,000 रुपये की राशि निकाली गई है, जिसका बिल क्रमांक 4734 बताया जा रहा है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उक्त राशि का उपयोग वास्तव में किसी भी निर्माण कार्य में किया गया है या नहीं। मौके पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि यह राशि बिना ग्रामसभा की जानकारी और बिना ग्रामवासियों की सहमति के निकाली गई, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। मामले से परेशान होकर ग्राम पंचायत अतरिया के समस्त ग्रामवासियों ने डिंडोरी मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा है तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

 

इसके साथ ही ग्रामीणों द्वारा इस मामले की शिकायत जिला पंचायत डिंडोरी को भी की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत भवन निर्माण कार्य की वित्तीय एवं तकनीकी जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित सरपंच एवं सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

अब ग्रामीण प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि शासन की राशि के दुरुपयोग पर शीघ्र रोक लगेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment