सीधी चौलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-9 के फाइनल में उप मुख्यमंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, जीत-हार से ऊपर खेल भावना, साहस और अनुशासन ही असली सफलता – उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल

“क्या जीत में, क्या हार में, किंचित नहीं भयभीत मैं, पथ पर जो मिला – ये भी सही, वो भी सही,” पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के इन शब्दों के साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सीधी के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित सीधी चौलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन- 9 के भव्य समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और टीम भावना को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने फाइनल मुकाबले में सहभागिता कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन को सकारात्मक दिशा देते हैं तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी समन्वय को सुदृढ़ करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत और हार सिक्के के दो पहलू हैं – जीत पर अहंकार नहीं होना चाहिए और हार पर निराशा नहीं। खिलाड़ी यदि पूरी निष्ठा, समर्पण और खेल भावना के साथ खेलें, तो परिणाम से परे उनका प्रदर्शन ही उनकी सच्ची जीत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी युवाओं को एक मंच पर लाकर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, समाजसेवी श्री देव कुमार सिंह चौहान, श्री के.के. तिवारी, डॉ. अनूप मिश्रा, डॉ. देवेन्द्र त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।