ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम व स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर व्याख्यानमाला आयोजित

0 424

 

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी

 

डिंडौरी-मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला तथा ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने की। मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में मेकलसुता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बिहारी लाल द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नरेंद्र सिंह राजपूत, श्री सुधीर दत्त तिवारी, यातायात थाना प्रभारी श्री सुभाष उईके, वरिष्ठ समाजसेवी श्री गंगा प्रसाद तिवारी, स्वामी रमेश गिरी जी महाराज, श्रीमती रेणु पाठक, श्रीमती रितु सेन, माय भारत से श्री आर.पी. कुशवाहा, सुश्री शिल्पी शाह, संभाग समन्वयक श्री रवि प्रसाद बर्मन एवं जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान ने स्वागत उद्बोधन एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का उद्देश्य परिषद के नेटवर्क के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विगत दो वर्षों की उपलब्धियों को प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों तक पहुंचाकर अंतिम पात्र हितग्राही तक लाभ सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत ग्राम स्तर पर ग्रामोत्सव, चौपाल, रैली एवं श्रमदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वावलंबन, शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं नशामुक्त समाज हेतु जनजागरण किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री बिहारी लाल द्विवेदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए राष्ट्र जागरण के प्रेरणास्रोत हैं। उनका सपना था कि भारत का युवा चरित्रवान, आत्मविश्वासी एवं सेवा के लिए समर्पित हो। ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अपने उद्बोधन में श्री रूद्रेश परस्ते ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से प्रेरणा लेकर देश के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामोदय की अवधारणा को साकार करने के लिए न्याय की सुलभता, नागरिक कर्तव्यों का पालन तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

मुख्य अतिथि श्री चमरू सिंह नेताम ने प्रतिभागियों को स्वदेशी संकल्प की शपथ दिलाई तथा मध्यप्रदेश के दो वर्षों की विकास गाथा की जानकारी साझा की। विशिष्ट अतिथि श्री नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य कर रही है तथा स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं जनसहयोग के माध्यम से ग्राम विकास की परिकल्पना को साकार कर रही है।

संभाग समन्वयक श्री रवि बर्मन ने विकासखंड, सेक्टर एवं ग्राम स्तर की कार्ययोजना को विस्तार से समझाया। यातायात थाना प्रभारी श्री सुभाष उईके ने युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। विकासखंड समन्वयक श्री भानु प्रताप मरावी ने संस्कार केंद्रों के संचालन की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में स्वदेशी संकल्प, नशामुक्ति संकल्प, योग-ध्यान, स्वदेशी दौड़ आयोजित की गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड समन्वयकगण, नवांकुर एवं प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, युवा समाजसेवी, सीएमसीएलडीपी के परामर्शदाता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment