समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित,संकल्प से समाधान अभियान को मिशन मोड में लागू करने के कलेक्टर के निर्देश,हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता – कलेक्टर

0 173

सीधी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने शासन की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि “संकल्प से समाधान अभियान” केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का मिशन है, जिसे पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान प्रशासन की कार्यकुशलता और जनता के प्रति संवेदनशीलता को प्रदर्शित करने का अवसर है। सभी अधिकारी यह संकल्प लें कि जनसमस्याओं का समाधान समय-सीमा में और स्थायी रूप से किया जाएगा।

चार चरणों में होगा संकल्प से समाधान अभियान,

कलेक्टर ने बताया कि 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चलने वाले इस अभियान को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समान प्रभाव से संचालित किया जाएगा।

प्रथम चरण (12 जनवरी से 15 फरवरी)

इस चरण में प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड में शिविर आयोजित कर आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नोडल अधिकारियों की तैनाती तत्काल सुनिश्चित की जाए तथा एक भी आवेदन ऑफलाइन न रहने पाए। सभी आवेदन अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज हों। उन्होंने कहा कि शुरुआत मजबूत होगी तो समाधान भी समय पर और संतोषजनक होगा।

द्वितीय चरण (16 फरवरी से 16 मार्च)

इस अवधि में ग्राम पंचायतों के क्लस्टर एवं नगरीय निकायों में शिविर लगाकर नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। केवल औपचारिक सूचना नहीं, बल्कि यह भी बताया जाए कि आवेदन किस स्तर पर है और निराकरण में कितना समय लगेगा, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

तृतीय चरण (16 मार्च से 26 मार्च)

इस चरण में ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों में शिविर लगाकर लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

अंतिम चरण (26 मार्च से 31 मार्च)

जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सफलता का पैमाना कागजी आंकड़े नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाला लाभ होगा।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरों की तिथियां समय पर निर्धारित कर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़ सकें। साथ ही प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य आधारित कार्य सुनिश्चित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन और समाधान ऑनलाइन की समीक्षा,

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले की रैंकिंग में सुधार करना हम सभी का दायित्व है। प्रत्येक शिकायत को केवल बंद करने की मानसिकता से नहीं, बल्कि स्थायी समाधान के दृष्टिकोण से देखा जाए।

समाधान ऑनलाइन में चयनित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए। बार-बार शिकायत दर्ज होने वाले विभाग अपनी कार्यप्रणाली की समीक्षा कर फील्ड स्तर पर सुधार सुनिश्चित करें।

कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के लंबित बिंदुओं पर सख्ती,

कलेक्टर ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में प्राप्त निर्देशों की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य स्तर से मिले प्रत्येक निर्देश पर गंभीरता से अमल किया जाए। लंबित मामलों में स्पष्ट कारण दर्ज कर त्वरित निराकरण की कार्ययोजना बनाई जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत की जाए।

 

गणतंत्र दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा,

बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आयोजन गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिला स्तर पर समारोह स्मरणीय बन सके।

सैचुरेशन लक्ष्य प्रशासन की प्राथमिकता,

अंत में कलेक्टर ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से हितग्राही मूलक योजनाओं में सैचुरेशन प्राप्त करना प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है। सभी अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व एवं विभाग प्रमुख नेतृत्व करते हुए नियमित मॉनीटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि जिले का प्रत्येक पात्र नागरिक योजनाओं का लाभ प्राप्त करे।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, उपखंड अधिकारी सिहावल प्रिया पाठक, गोपद बनास राकेश शुक्ला सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment