युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार में शामिल हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, युवाओं को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

सीधी। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में सीधी स्थित एक्सीलेंस स्कूल परिसर में आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सीधी–सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सहभागिता की। उन्होंने युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी का लाइव प्रेरणादायक उद्बोधन भी सुना गया, जिसमें उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार कर योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही एक सशक्त भारत का निर्माण संभव है।