आस्था का नया स्वरूप: 2026 की जामसांवली पदयात्रा में नए रथ पर विराजेगा राम दरबार

पांढुरना संवाददाता- निलेश कलस्कर जिला ब्युरो चिफ
पांढुर्णा: जिले की आस्था के केंद्र चमत्कारी श्री हनुमान मंदिर जामसांवली के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा इस बार विशेष होगी। वर्ष 2026 की इस यात्रा में प्रभु श्री राम, माता जानकी, लक्ष्मण जी और वीर हनुमान की 111 किलो पीतल से निर्मित मूर्तियां नवनिर्मित रथ पर विराजमान होंगी।
इस भव्य रथ के निर्माण हेतु नगर के दानदाता और विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड संयोजक श्री गणेश (बापू) बालपांडे ने 2 लाख रुपये की राशि दान देने की घोषणा की है। पदयात्रा समिति के अध्यक्ष मनोज गुड़धे ने बताया कि जनमानस के पीतल दान से निर्मित यह राम दरबार भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहता है, जिसे श्रद्धालु 40 किमी तक नंगे पांव खींचकर ले जाते हैं। बालपांडे परिवार के इस सहयोग हेतु समिति ने उन्हें रथ पूजन का प्रथम गौरव प्रदान करने का निर्णय लिया है।