राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शहपुरा विधायक की अपील

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने जिलेवासियों से हेलमेट पहनने का किया आग्रह
डिंडौरी/शहपुरा।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने जिलेवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। विधायक श्री धुर्वे ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यातायात को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, ताकि दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोटों से बचा जा सके। इसके साथ ही उन्होंने शराब पीकर वाहन न चलाने और ओवरस्पीड से बचने की सख्त अपील की।
विधायक श्री धुर्वे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें केवल सावधानी बरतने से रोकी जा सकती हैं। उन्होंने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं की एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही हम सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं।