महिला थाना की तत्परता से बचा परिवार, समझाइश से दो घरों में लौटी खुशियाँ

सिंगरौली
महिला थाना की संवेदनशील पहल और समय पर की गई समझाइश से एक पारिवारिक विवाद सुलझ गया, जिससे दो परिवारों को टूटने से बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदिका रेखा बंसल, पति रोहित बंसल, निवासी दुवारी चौकी कुंदवार थाना जियावन, जिला सिंगरौली (म.प्र.) द्वारा महिला थाना में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था। आवेदन की जांच के दौरान दिनांक 06 जनवरी 2026 को आवेदिका एवं अनावेदक पक्ष को थाना बुलाया गया।
जांच के दौरान आवेदिका ने बताया कि उसे उसकी सास, जेठ एवं जेठानी द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला थाना द्वारा संबंधित सभी पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग की गई एवं आपसी बातचीत के माध्यम से समझाइश दी गई। इस दौरान आवेदिका के पति रोहित बंसल, जो अमलोरी में कार्यरत हैं तथा नवानगर में पत्नी के साथ निवास करते हैं, को भी शांतिपूर्ण दांपत्य जीवन के लिए आवश्यक समझाइश दी गई।
आवेदिका ने स्पष्ट किया कि वह अपने पति एवं ससुराल पक्ष के विरुद्ध किसी प्रकार की कानूनी कार्यवाही नहीं चाहती और पति के साथ खुशी-खुशी रहना चाहती है। इस संबंध में आवेदिका द्वारा एक आपसी समझौता पत्र भी प्रस्तुत किया गया।
महिला थाना द्वारा आवेदिका को संपर्क हेतु मोबाइल नंबर प्रदान किया गया एवं आश्वस्त किया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल महिला थाना से संपर्क करें। साथ ही पति को भी हिदायत दी गई कि आगे किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
महिला थाना की त्वरित कार्रवाई और सकारात्मक पहल से दोनों पक्षों में सहमति बनी और पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो सका। वर्तमान में पति-पत्नी आपसी सहमति से साथ रह रहे हैं और परिवार में पुनः सौहार्द का माहौल कायम हो गया है।